मसूरी के सर्वे ग्राउंड में प्रथम देवभूमि उत्तराखंड क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन,युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी- सर्वे ग्राउंड में बुधवार को प्रथम देवभूमि उत्तराखंड क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में सम्मिलित होकर अतिथियों ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कहा गया कि युवा शक्ति को नई दिशा देने में खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।
आज के मुख्य अतिथि नितेंद्र सिंह बोहरा(निशांत) द्वारा कहा गया कि उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं में अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता है उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की, ताकि वे अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को खेल, शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। हमें मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जहां युवा नशे और नकारात्मकता से दूर रहकर अपने सपनों और लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ें।
निशांत द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने की दिशा में प्रयासरत समस्त आयोजन समिति, विशेष रूप से नितिन सिंह भंडारी,आशीष राणा एवं मंवर तोमर सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के खेल आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित होते रहेंगे और मसूरी सहित पूरे उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवाओं का उत्साह, खेलों का विकास और उत्तराखंड का उज्ज्वल भविष्य ही हमारा साझा संकल्प होना चाहिए।

