मसूरी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कमेटी मार्ग पर मकान पर मंडराया खतरा

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मसूरी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर की अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वहीं मसूरी कमेटी मार्ग पर स्थित एक मकान पर खतरा मंडरा गया है।

रणबीर कंडारी स्थानीय सभासद नगर पालिका मसूरी द्वारा बताया गया कि भारी बरसात के चलते नाले का सारा पानी मकान में घुस रहा है, जिसके कारण मकान की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय सभासद के साथ वहां रह रहे निवासियों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराने और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

भवन स्वामी सोनू पंवार ने बताया कि कैम्पटी मार्ग पर उनकी दुकान और मकान है। वह पिछले एक वर्ष से यहां रह रहे हैं। उन्होंने अपनी जीवन भर की पूंजी लगाकर यह मकान और दुकान बनाई है। लेकिन बरसात के कारण नाले का पानी उनकी दुकान और घर में घुस रहा है, जिससे दीवारों पर मोटी दरारें आ गई हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

वहीं ललिता पंवार ने कहा कि इसी दुकान से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। बरसात के कारण उनका मकान और दुकान दोनों खतरे की जद में आ गए हैं। घर में रखा सारा सामान खराब हो गया है और मकान कभी भी टूट सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को उनकी सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *