पर्यटन सीजन से पहले होटल एसोसिएशनों की सरकार से बड़ी मांग, वन टाइम सेटलमेंट,पार्किंग और हवाई कनेक्टिविटी का मुद्दा उठाया।
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी के पर्यटन उद्योग से जुड़ी दो प्रमुख संस्थाओं – मसूरी होटल्स एसोसिएशन और होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तरांचल (HRAU) ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अहम मांगें रखी हैं। दोनों संगठनों ने मसूरी की यातायात व्यवस्था और पूरे उत्तराखंड की हवाई कनेक्टिविटी को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
1. मसूरी में पार्किंग और लंबित मामलों के लिए ‘वन टाइम सेटलमेंट’ की मांगमसूरी होटल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल और सचिव अजय भार्गव ने 06 अक्टूबर 2026 को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को पत्र प्रेषित किया।
पत्र में मुख्य बिंदु:
मसूरी उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन नगर है। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि से नगर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पर्याप्त पार्किंग के अभाव में सड़क किनारे वाहन खड़े होने से बार-बार जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और व्यापारियों को भारी असुविधा होती है।
एसोसिएशन ने दो प्रमुख मांगें रखी हैं:
क) अतिरिक्त पार्किंग के लिए विशेष योजना: मसूरी में अतिरिक्त और व्यवस्थित पार्किंग स्थलों के विकास के लिए विशेष पहल की जाए। सरकारी भूमि के साथ-साथ निजी भूमि पर भी पार्किंग विकसित करने के लिए प्रोत्साहन दिया जाए। बहु-स्तरीय (Multi-Level) और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था से जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
ख) लंबित प्रकरणों के लिए एकमुश्त समाधान योजना: मसूरी नगर में लंबे समय से विभिन्न प्रकार के लंबित प्रकरण और समस्याएं चली आ रही हैं, जिसका प्रभाव नागरिकों, भवन स्वामियों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। इसके लिए एक विशेष “One Time Settlement – एकमुश्त समाधान योजना” लागू करने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। एसोसिएशन का कहना है कि इससे पुराने मामलों का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण होगा और भविष्य के विवादों में भी कमी आएगी।
2. देहरादून और पंतनगर से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग
वहीं, होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तरांचल के अध्यक्ष संदीप साहनी और मानद सचिव दीपक गुप्ता ने 05 अक्टूबर 2026 को एसडीएम मसूरी के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है।
एसोसिएशन ने आगामी विंटर शेड्यूल में देहरादून (DED) और पंतनगर (PGH) की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने का अनुरोध किया है ताकि सर्दियों में आने वाले पर्यटकों को लाभ मिल सके।
एसोसिएशन ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एयरलाइनों से इन सेक्टर्स पर फ्लाइट शुरू करने की मांग की है:
देहरादून (DED) से:
• देहरादून – पटना • देहरादून – गोवा (मोपा) • देहरादून – इंदौर • देहरादून – कोयंबटूर • देहरादून – चेन्नई • देहरादून – विशाखापत्तनम
पंतनगर (PGH) से:
• पंतनगर – मुंबई • पंतनगर – अहमदाबाद • पंतनगर – जयपुर
पत्र में कहा गया है कि सर्दियों के महीनों में उत्तराखंड में पर्यटकों की भारी आवाजाही होती है। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रमुख घरेलू बाजारों से पर्यटकों की पहुंच आसान होगी और राज्य के आतिथ्य क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर संजय अग्रवाल, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन मसूरी अजय भार्गव,राज कुमार,संदीप साहनी,दीपक गुप्ता,शैलेंद्र करनवाल उपस्थित रहें।

