मसूरी में मामूली टक्कर को लेकर बवाल,गाड़ी के शीशे तोड़े,दोनों पक्षों पर मुकदमा
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी-पिक्चर पैलेस बैरियर के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे दिल्ली से आए पर्यटकों और एक स्थानीय टैक्सी चालक के बीच वाहन की मामूली टक्कर को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से आए पर्यटकों की कार से स्थानीय टैक्सी में हल्की टक्कर लग गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान टैक्सी चालक और उसके साथ मौजूद लोगों पर पर्यटकों की गाड़ी के शीशे तोड़ने और मौके पर हंगामा करने का आरोप लगा। वहीं टैक्सी चालक ने पर्यटकों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
दूसरी ओर दिल्ली से आई महिला पर्यटक ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि स्थानीय व्यक्तियों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
दोनों पक्षों की अलग-अलग तहरीरों के आधार पर कोतवाली मसूरी में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पहला मुकदमा महिला पर्यटक की तहरीर पर स्थानीय निवासी प्रकाश भट्ट एवं प्रीतम रावत आदि के विरुद्ध मु0अ0सं0 66/2026, धारा 74, 115(2), 324(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत पंजीकृत किया गया है।
दूसरा मुकदमा प्रकाश भट्ट की तहरीर पर दिल्ली नंबर की कार के अज्ञात चालक के विरुद्ध मु0अ0सं0 67/2026, धारा 281, 351(3) BNS के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मुकदमों में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

