मसूरी में धूमधाम से मनाया गया लोकपर्व इगास, भैलो की रोशनी से जगमगाया कुलड़ी
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास (बूढ़ी दिवाली) के शुभ अवसर पर शुक्रवार को सिल्वरटन पार्किंग, कुलड़ी में एक भव्य सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मसूरी मंडल और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो (चीड़ की लकड़ी की मशाल) जलाकर किया गया। भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊ की थाप पर पूरा माहौल पहाड़ी संस्कृति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर स्थानीय लोक कलाकारों और नागरिकों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस मौके पर भाजपा मसूरी मंडल के पदाधिकारियों और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने सभी क्षेत्रवासियों व पर्यटकों को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि इगास केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, एकता और परंपराओं का प्रतीक है। अपनी जड़ों से जुड़े रहने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराने के लिए ऐसे आयोजनों का होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का वितरण किया गया और आतिशबाजी के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं।
इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री नरेंद मेलवान, उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, आशीष जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश उनियाल, मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री जगजीत कुकरेजा, प्रमिला नेगी, महिला मोर्चा अध्यक्षा जशोदा शर्मा, सीता पंवार, सलीम अहमद,शिव अरोड़ा, जोगिंदर कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

