मसूरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस और पूज्य महात्मा योगेश्वर जी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी, 15 अगस्त 2026
महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, मसूरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस एवं विद्यालय के प्रेरणास्रोत ब्रह्मलीन पूज्य महात्मा योगेश्वर जी का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, प्रबंध समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल, पदाधिकारियों एवं प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन, माल्यार्पण और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने सभी अतिथियों का स्वागत कर बैज एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने पूज्य महात्मा योगेश्वर जी के जीवन परिचय, उनसे जुड़े प्रेरक प्रसंगों तथा उनके जीवन पर आधारित एक लघु नाटिका का भी सुंदर मंचन किया।

‘ज्योतिर्पुंज’ के 18वें विशेषांक का विमोचन
स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर विद्यालय की हस्तलिखित पत्रिका ‘ज्योतिर्पुंज’ के 18वें संस्करण का विमोचन भी किया गया। इस बार का विशेषांक “वन्देमातरम् की 150 वर्षों की यात्रा” विषय पर आधारित रहा, जिसका विमोचन मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया।

अतिथियों का संबोधन
मुख्य अतिथि श्रीमती मीरा सकलानी ने अपने संबोधन में कहा, “जिन पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें आजादी दिलाई, उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम एक आदर्श नागरिक की भूमिका निभाएं। हमें अपने राष्ट्र को स्वच्छ, सुन्दर और हरा-भरा बनाने में अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए।”

वहीं प्रबंध समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल ने कहा, “हमें जो आजादी लंबे संघर्षों और बलिदानों के परिणामस्वरूप मिली है, उसे संजोये रखना हम सबका प्रथम कर्तव्य है। हम अपने-अपने क्षेत्रों में अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से करें, तो वह भी एक प्रकार की देशभक्ति ही है।”

कार्यक्रम में प्रबंध समिति के पदाधिकारी चंद्रप्रकाश गोदियाल,अशोक अग्रवाल,मनमोहन कर्णवाल, श्रीमती जयजयवन्ती कर्णवाल, श्रीमती रश्मि कर्णवाल सहित विद्यालय के समस्त आचार्यगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।

