वन्यजीव सप्ताह पर कैंपटी में गूंजे संरक्षण के नारे, स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
कैंपटी, टिहरी गढ़वाल। वन्यजीव सप्ताह के प्रथम दिवस पर गुरुवार को वन विभाग और कैंम्पटी इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में वन्यजीव संरक्षण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली को वन क्षेत्राधिकारी कैंपटी रेंज अमिता थपलियाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कैंपटी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर “वन्यजीवों की रक्षा, देश की सुरक्षा”, “जियो और जीने दो” जैसे नारों से आमजन को जागरूक किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को संदेश दिया कि वन्यजीव प्रकृति और पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग हैं और उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

इस अवसर पर कैंम्पटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से वन दरोगा फतेह सिंह, संचित पंचवन, जतन दास, वन आरक्षी अजीत केंतुरा सहित अन्य वनकर्मी उपस्थित रहे।
वन क्षेत्राधिकारी अमिता थपलियाल ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता को बढ़ाना है।

