मसूरी में सीजेएम हैम्पटन कोर्ट में “द जंगल बुक” की रंगारंग प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी–कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, हैम्पटन कोर्ट, मसूरी में दो दिवसीय वार्षिक नाट्य प्रस्तुति “द जंगल बुक – एन अडैप्टेशन” का दूसरे दिन भव्य समापन हुआ। दूसरा दिन नाट्य कला, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और रचनात्मक प्रतिभा के उत्सव के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एस.पी. चमोली, डी.आई.जी. (सेवानिवृत्त), आई.टी.बी.पी. मसूरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सिस्टर आइवी, सुपीरियर एवं प्रधानाचार्या, सी.जे.एम. हैम्पटन कोर्ट, विभिन्न विद्यालयों की सिस्टर्स एवं ब्रदर्स, प्रधानाचार्यगण, विशिष्ट अतिथि, एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र करनवाल, पूर्व अध्यक्ष रमेश मित्तल, राज बिजलवान, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ। इसके बाद एल.के.जी. एवं यू.के.जी. के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की 104 वर्षों की गौरवशाली विरासत पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

इसके बाद मंच पर “द जंगल बुक” की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय, आकर्षक नृत्य, संगीत और सुंदर वेशभूषा के माध्यम से मोगली और उसके साथियों की रोमांचक दुनिया को सजीव कर दिया। कल्पनाशीलता और जीवंत मंचन से भरपूर इस प्रस्तुति ने साहस, मित्रता, निष्ठा, करुणा और सद्भावना जैसे मूल्यों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत करते हुए प्रकृति के प्रति सम्मान और विविधता को अपनाने का संदेश दिया।

यह आयोजन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समर्पण, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसने विद्यालय की समग्र शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया।

कार्यक्रम का समापन पविषा बिष्ट द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *