मसूरी में जाम और पार्किंग की समस्या के समाधान को लेकर मुख्य सचिव को ज्ञापन, NGT प्रक्रिया सरल करने की मांग

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी- मसूरी नगर में लगातार बढ़ते पर्यटक दबाव और वाहनों की संख्या के कारण उत्पन्न गंभीर पार्किंग और जाम की समस्या के समाधान को लेकर नगर पालिका परिषद मसूरी के सभासदों ने उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा है।

30 अक्टूबर 2026 को उपजिलाधिकारी मसूरी के माध्यम से प्रेषित इस ज्ञापन में सभासद जसबीर कौर और सभासद पवन थलवाल ने कहा है कि विशेषकर पर्यटन सीजन में वाहनों की संख्या बढ़ने से नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में शासन स्तर से मसूरी में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए निजी भूमि पर पार्किंग के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। इससे उम्मीद जगी थी कि स्थानीय लोग अपनी निजी भूमि पर पार्किंग विकसित कर नगर की पार्किंग व्यवस्था में सहयोग करेंगे। परंतु पार्किंग निर्माण के लिए विभिन्न विभागीय औपचारिकताओं तथा विशेष रूप से एनजीटी से अनुमति प्राप्त करने जैसी जटिल एवं अव्यवहारिक प्रक्रिया के कारण निजी भूमि स्वामी आगे आने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।

सभासदों ने ज्ञापन में कहा कि मसूरी जैसे पहाड़ी एवं सीमित भूमि वाले शहर में सरकारी स्तर पर बड़े पैमाने पर नई पार्किंग के लिए भूमि उपलब्ध कराना अत्यंत कठिन है। ऐसी स्थिति में यदि स्थानीय नागरिक अपनी निजी भूमि पर प्राइवेट पार्किंग बनाकर संचालन करना चाहते हैं, तो यह नगर की यातायात एवं पार्किंग समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण सहयोग हो सकता है।

प्रमुख मांगें –

सभासदों ने शासन से मांग की है कि –
1. निजी भूमि पर पार्किंग निर्माण के प्रस्तावों के लिए अनावश्यक एवं अत्यधिक जटिल औपचारिकताओं को सरल किया जाए। 2. एनजीटी अथवा अन्य संबंधित अनुमति की प्रक्रिया में व्यावहारिक एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। 3. जो निजी पार्किंग परियोजनाएं पर्यावरणीय एवं सुरक्षा मानकों का पालन करती हों, उन्हें नियमों के अंतर्गत आवश्यक छूट/सरलीकरण प्रदान किया जाए। 4. पार्किंग प्रस्तावों के लिए एकल-खिड़की (Single Window) व्यवस्था के माध्यम से समयबद्ध स्वीकृति की व्यवस्था की जाए। 5. मसूरी की विशेष भौगोलिक एवं यातायात परिस्थितियों को देखते हुए निजी पार्किंग को नगर की यातायात व्यवस्था का सहयोगी समाधान मानते हुए प्राथमिकता दी जाए। 6. आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए लंबित पार्किंग प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि स्थानीय लोग अपनी जमीन पर पार्किंग विकसित करने के लिए आगे आते हैं, तो इससे एक ओर उन्हें रोजगार एवं आय का साधन मिलेगा और दूसरी ओर नगर में सड़कों पर खड़े वाहनों की संख्या कम होने तथा जाम की समस्या को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।

ज्ञापन देने वालों में जसवीर कौर,सभासद नगर पालिका एवं शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष,अमित गुप्ता शहर कांग्रेस अध्यक्ष,सुमेन्द्र सुशांत बोहरा पार्षद मालसी वार्ड संख्या 1 नगर निगम देहरादून,उर्मिला थापा महानगर महिला अध्यक्ष देहरादून,विजयलक्ष्मी कोहली, रिया आदि उपस्थित रहें।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *