मसूरी में हर्षोल्लास से मनाई गई लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रार्थना सभा में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने समस्त छात्र-छात्राओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में डॉ. रयाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, अदम्य इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व क्षमता के बल पर 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका व्यक्तित्व, राष्ट्रनिष्ठा और अतुलनीय योगदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, आपसी सद्भाव और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। विविधताओं से भरे भारत की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और अखंडता में ही निहित है। सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर ही एक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय के एन.एस.एस. के भैया-बहनों द्वारा विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए एकता यात्रा भी निकाली गई।

कार्यक्रम के दौरान सम्पूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण के भाव से ओतप्रोत रहा।


