लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 का भव्य समापन,60 देशों की सहभागिता से वैश्विक मंच पर गूंजी भारतीय संस्कृति

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

थानो,देहरादून-लेखक गांव, थानो में आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति एवं कला महोत्सव-2026 का भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

60 देशों के साहित्यकारों, कलाकारों और विचारकों की सहभागिता वाले इस महोत्सव ने वैश्विक साहित्यिक संवाद को नया विस्तार दिया। पांच दिनों तक चले महोत्सव में साहित्य, लेखन, कला, संस्कृति, शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में हुए संवाद और विचार-विमर्श ने भारतीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच प्रदान किया।

समापन समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ एवं ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया।

उल्लेखनीय है कि महोत्सव का शुभारंभ माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन द्वारा किया गया था।

लेखक गांव की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की दूरदर्शी सोच है, जिसे लेखक गांव की निदेशक श्रीमती विदुषी निशंक आगे बढ़ा रही हैं। यह पहल साहित्यकारों, कलाकारों, विचारकों और युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर भारतीय ज्ञान परंपरा तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है।

आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव साहित्यकारों के लिए एक साहित्यिक तीर्थ के समान रहा, जहां विचार, सृजन और सांस्कृतिक चेतना का संगम देखने को मिला। पांच दिवसीय आयोजन ने लेखक गांव को साहित्य और संस्कृति के एक विशिष्ट केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उत्तराखंड में साहित्यकारों को सम्मानित करने, हिंदी सहित स्थानीय बोलियों व भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन को प्रोत्साहन देने तथा साहित्यिक पर्यटन को विकसित करने के प्रयास प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहे हैं। लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 ने इसी संकल्प को वैश्विक स्तर पर सशक्त रूप से आगे बढ़ाया है।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *