मसूरी में नीली बत्ती और हूटर लगाकर हुड़दंग, मसूरी पुलिस ने वाहन किया सीज
112 पर सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मसूरी। मॉल रोड क्षेत्र में नीली बत्ती, हूटर, पुलिस नेम प्लेट और पुलिस लोगो का अनधिकृत प्रयोग कर हुड़दंग करने वाले वाहन चालक के खिलाफ मसूरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया है।
कोतवाली मसूरी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27.10.2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि मॉल रोड, मसूरी क्षेत्र में वाहन संख्या HR98E9325 के चालक द्वारा वाहन पर अवैध रूप से नीली बत्ती लगाकर एवं हूटर बजाते हुए हुड़दंग किया जा रहा है।

सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी के निर्देशन में थाना मोबाइल एवं चीता पुलिस द्वारा तत्परता से मौके पर पहुंचकर उक्त वाहन की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान वाहन पर नीली बत्ती एवं हूटर का अनधिकृत प्रयोग किया जाना पाया गया।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
मसूरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने निजी वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट, पुलिस लोगो अथवा अन्य किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित उपकरणों का अनधिकृत प्रयोग ना करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

