मसूरी में उत्तराआईकॉन 2026 का भव्य समापन, युवा नेत्र चिकित्सकों को मिला सर्जिकल प्रशिक्षण
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी- उत्तराखंड स्टेट ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी (UKSOS) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठित नेत्र चिकित्सा सम्मेलन उत्तराआईकॉन 2026 का मसूरी स्थित होटल रमाडा में सफल समापन हुआ। 23 से 25 अक्टूबर तक चले इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ सर्जन, वैज्ञानिक और पीजी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
सम्मेलन में नेत्र चिकित्सा की नवीनतम सर्जिकल तकनीकों, अत्याधुनिक जांच पद्धतियों और आधुनिक उपचार प्रणालियों पर विस्तृत वैज्ञानिक चर्चा हुई। मोतियाबिंद, रेटिना, ग्लूकोमा, कॉर्निया और ऑक्यूलोप्लास्टी सहित विभिन्न शाखाओं में हो रही प्रगति पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।

सम्मेलन का मुख्य आकर्षण युवा नेत्र चिकित्सकों के लिए आयोजित सर्जिकल स्किल ट्रांसफर कोर्स और हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यशालाएं रहीं। अनुभवी विशेषज्ञों ने युवा डॉक्टरों को आधुनिक शल्य चिकित्सा की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. बी. के. ओली एवं आयोजन सचिव डॉ. विशाल एच. शर्मा ने सभी अतिथि विशेषज्ञों, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की वास्तविक सफलता तब सार्थक होगी जब यहां साझा किया गया ज्ञान आम जनता तक बेहतर और सुरक्षित उपचार के रूप में पहुंचेगा।
इस सफल आयोजन ने उत्तराखंड को नेत्र चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई है।

