देहरादून में ‘हिम किरीटिनी-2026’ स्मारिका का भव्य विमोचन
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
बर्त्वाल की कविताएँ हिमालय की आत्मा की अभिव्यक्ति : बंशीधर तिवारी
देहरादून/रेसकोर्स-चंद्रकुंवर बर्त्वाल शोध संस्थान, मसूरी एवं द हिल्स ऑफ मसूरी द्वारा प्रकाशित स्मारिका ‘हिम किरीटिनी-2026’ का शनिवार को देहरादून स्थित ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल, रेसकोर्स में भव्य साहित्यिक समारोह के बीच विमोचन किया गया। दोपहर 2:30 बजे से शाम साढ़े छह बजे तक चले समारोह में साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े करीब डेढ़ सौ प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड के महानिदेशक एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कहा कि चंद्रकुंवर बर्त्वाल उत्तराखंड की अमूल्य साहित्यिक धरोहर हैं। उन्होंने बहुत कम आयु में हिंदी साहित्य में ऐसी पहचान बनाई, जो उन्हें कालजयी कवियों की पंक्ति में खड़ा करती है।

मुख्य अतिथि तिवारी ने कहा कि बर्त्वाल की कविताओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उन्हें विद्यालयी पाठ्यक्रम में पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए। आज समाज में साहित्य और पुस्तकों के प्रति रुचि कम होती जा रही है, जो चिंता का विषय है। साहित्य मनुष्य को संवेदनशील बनाता है।

उन्होंने कहा कि बर्त्वाल का साहित्य केवल कविता नहीं, बल्कि हिमालय, प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत दस्तावेज है। उनकी रचनाओं में उत्तराखंड की लोकजीवन परंपरा, प्रकृति और पहाड़ की आत्मा दिखाई देती है।

लोकभाषाओं के संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी भाषा, लोकपरंपरा और संस्कारों को पीछे छोड़ देना उचित नहीं है। उन्होंने समाज में घटती सहनशीलता, बच्चों को संस्कार और समय देने तथा शादियों में भोजन की बर्बादी से बचने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चंद्रकुंवर बर्त्वाल शोध संस्थान के अध्यक्ष मनोहर सिंह रावत ने कहा कि बर्त्वाल ने संसाधनों की कमी के दौर में साहित्य सृजन किया। यदि हम वास्तव में उन्हें सम्मान देना चाहते हैं तो उनकी कविताओं को केवल समारोहों तक सीमित न रखें, बल्कि पढ़ें, चर्चा करें और नई पीढ़ी को पढ़ाएं। उन्होंने बर्त्वाल की कविताओं को संकलित कर समाज तक पहुंचाने वाले शंभूप्रसाद बहुगुणा के योगदान को स्मरण किया।

विशिष्ट अतिथि प्रो. देवेंद्र भसीन ने कहा कि बर्त्वाल ने अल्पायु में ही असाधारण ऊंचाई प्राप्त की। विद्यालयी पाठ्यक्रम में उनकी कविताओं को अधिक स्थान देने के लिए कमेटी बन गई है। उच्च शिक्षा में भी कई स्थानों पर उनकी रचनाएं पढ़ाई जा रही हैं।

पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि अपनी बोली, भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पहाड़ की भाषा और लोकसंस्कृति हमारी पहचान हैं।
रसिकनाथ महाराज ने कहा कि बर्त्वाल की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और समाज की है।
वरिष्ठ पत्रकार जय सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1978 में बर्त्वाल पर अपना पहला लेख लिखा था। बर्त्वाल के साहित्य में हिमालय जिस गहराई और संवेदना के साथ उपस्थित होता है, वैसा अन्यत्र बहुत कम देखने को मिला।
वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश उत्तराखंडी ने कहा कि लंबे समय तक बहुत से लोगों को यह पता ही नहीं था कि बर्त्वाल कौन थे। मसूरी की साहित्यिक पहल ने उन्हें पुनः समाज के सामने स्थापित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने संपादक शूरवीर सिंह भंडारी को बधाई दी।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि किसी महान कवि को याद करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिंदू कॉलेज, मुरादाबाद के प्राचार्य प्रो. सत्यव्रत रावत ने कहा कि बर्त्वाल की रचनाओं में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति गहरी संवेदना है। वे छायावाद के महत्वपूर्ण स्तंभों में रहे।
संचालन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार शीशपाल गुसाईं ने कहा कि बर्त्वाल सुमित्रानंदन पंत, जयशंकर प्रसाद, सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ और महादेवी वर्मा की परंपरा के समानांतर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले कवि थे। मात्र 28 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। जीवन के लगभग 14 वर्ष शिक्षा में और शेष समय साहित्य-सृजन में बीता। उन्होंने कहा कि बर्त्वाल हिमालय को केवल देखते नहीं थे, बल्कि हिमालय को जीते थे।

स्मारिका के संपादक शूरवीर सिंह भंडारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान आगे भी बर्त्वाल के साहित्य पर निरंतर कार्य करता रहेगा। किसी कवि को याद करना केवल जन्मदिवस मनाना नहीं, बल्कि उसके साहित्य को पढ़ना और समाज तक पहुंचाना है।

