मसूरी में सड़क हादसे में युवक की मौत,पुलिस जांच में जुटी
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी, 23 नवंबर। रविवार रात्रि कोतवाली मसूरी पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति को उसके दोस्त ने मार दिया है और वह मौके से फरार हो गया है। सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, उम्र 28 वर्ष, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम, लंढौर, मसूरी के साथ आ रहा था। सरजीत वाहन संख्या UK07 CD 2926 (महिन्द्रा पिकअप) का चालक है। पुलिस के अनुसार घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे।
दिनांक 22 नवंबर 2026 को सायं लगभग 07:00 से 08:00 बजे के मध्य दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुंचे, जहां उनकी किसी अन्य व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल वाहन के पीछे की ओर चले गए और कुछ समय बाद वापस आए।
इसके उपरांत वाहन चालक सरजीत वाहन लेकर आगे गया तथा कुछ समय बाद वापस आया। वापस आते समय वाहन तेज गति में था तथा सड़क किनारे खड़े सतीश को संभवतः वाहन का किनारा लग गया, जिससे सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सतीश को लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा उक्त घटना के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। दुर्घटना की परिस्थितियों एवं मृत्यु के वास्तविक कारणों के संबंध में सभी पहलुओं की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।

