पहाड़ों की रानी मसूरी में खिली धूप, कोहरे की चादर हटी तो दिखा देहरादून का विहंगम नजारा
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी। लंबे समय से लगातार हो रही बरसात और घने कोहरे की आगोश में कैद पहाड़ों की रानी मसूरी ने आज सुबह धूप के साथ अपनी अद्भुत प्राकृतिक छटा बिखेरी। कई दिनों बाद खिली तेज धूप से पूरे शहर में रौनक लौट आई है।

पिछले कई हफ्तों से पर्यटन नगरी मसूरी में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। लगातार बारिश और कोहरे की धुंध के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। स्थानीय लोग धूप की एक झलक के लिए तरस गए थे। कपड़े सूखना मुश्किल हो गया था और चारों तरफ सीलन और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था।

आज सुबह इंद्रदेव की मेहरबानी के बाद सूर्यदेव प्रसन्न हुए। सुबह-सुबह जैसे ही कोहरे की चादर छंटी, मसूरी से देहरादून घाटी का नजारा साफ और चमकता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के चेहरे भी खिल उठे।

खिली धूप का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों पर देखने को मिला। कई दिनों बाद धूप में स्कूल जाते हुए छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अध्यापक और अभिभावकों के चेहरे पर भी अलग ही खुशी नजर आई।

इस संबंध में हमारी बात लक्ष्मी और वंदना से हुई। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद आज मसूरी में धूप देखकर बहुत प्रसन्नता हुई है। रोजाना बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने के दौरान बारिश में स्कूल ड्रेस भीग जाती थी, जिसे सुखाने के लिए वॉशिंग मशीन और ड्रायर का सहारा लेना पड़ता था। अब उम्मीद है कि इंद्रदेव और सूर्यदेव प्रसन्न रहेंगे और बरसात से पहाड़ों की रानी को निजात मिलेगी।

गौरतलब है कि पर्यटन नगरी मसूरी में एक पुरानी धारणा है कि 15 अगस्त के बाद कोहरे की धुंध छंटनी शुरू हो जाती है और पहाड़ों की रानी अपनी असली प्राकृतिक सुंदरता के साथ निखर कर सामने आती है। आज की धूप ने इस धारणा को फिर से सच साबित करने की ओर इशारा किया है।


