मसूरी विधानसभा की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री धामी से मिले युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
देहरादून। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान उनियाल ने मसूरी की नोटिफाइड एवं डी-नोटिफाइड भूमि के सर्वेक्षण और सीमांकन की वर्षों से लंबित प्रक्रिया का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी अनिश्चितता के कारण स्थानीय नागरिक लंबे समय से परेशान हैं, ऐसे में इस प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा उन्होंने चमासारी, ग्राम सुवाखोली सहित मसूरी से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं मोटर मार्गों के निर्माण, क्षतिग्रस्त मार्गों के सुधारीकरण और अन्य विकास कार्यों को गति देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर आर्यन देव उनियाल ने कहा कि मसूरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र और संतुलित विकास तथा स्थानीय जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।


