मसूरी में सीजेएम हैम्पटन कोर्ट की सांस्कृतिक संध्या में जीवंत हुई ‘द जंगल बुक’

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी। कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, हैम्पटन कोर्ट, मसूरी में वार्षिक समारोह के प्रथम दिवस पर “द जंगल बुक – एन अडैप्टेशन” की भव्य नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया।

इस अवसर पर रचनात्मकता, कल्पना और नाट्य प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयासीलन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीजेएम हैम्पटन कोर्ट की सुपीरियर एवं प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, सिस्टर्स एवं ब्रदर्स, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रस्तुत प्रार्थना एवं प्रार्थना नृत्य ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और मंगलमय बना दिया। एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत नृत्य ने समारोह में रंग और उल्लास भर दिया।

इसके बाद विद्यालय की 104 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित विशेष प्रस्तुति के माध्यम से संस्था की समृद्ध विरासत, इतिहास और जीवन-मूल्यों को दर्शाया गया।

संध्या का मुख्य आकर्षण ‘द जंगल बुक’ का नाट्य रूपांतरण रहा। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय, आकर्षक वेशभूषा, सजीव संगीत और मनमोहक नृत्य के माध्यम से मोगली और उसके साथियों के रोमांचक सफर को जीवंत कर दिया।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मंच पर मित्रता, साहस, निष्ठा, करुणा और प्रकृति के साथ सामंजस्य जैसे जीवन-मूल्यों को बखूबी अभिव्यक्त किया।

प्रस्तुति में विद्यार्थियों, शिक्षकों और संपूर्ण विद्यालय समुदाय के सामूहिक समर्पण और अथक परिश्रम की स्पष्ट झलक दिखाई दी। दर्शकों ने करतल ध्वनि से विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह मनमोहक एवं शिक्षाप्रद नाट्य प्रस्तुति दर्शकों के मन में एक अविस्मरणीय छाप छोड़ गई।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *