मसूरी में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी–प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने और जनसेवा, समर्पण व राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाजपा मसूरी मंडल द्वारा नगर में विविध सेवा व जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।

अभियान के तहत मसूरी मंडल में एक ही दिन में योग, महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और चित्रकला से जुड़े चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मसूरी पब्लिक स्कूल में योग सत्र : ‘पहला सुख निरोगी काया’ का संदेश

अभियान की कड़ी में मसूरी पब्लिक स्कूल में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। योग गुरु कोमल सेमवाल ने छात्र-छात्राओं को योग के लाभ, लचीलापन, संतुलन, तनाव में कमी, हृदय स्वास्थ्य, बेहतर नींद, रोग प्रतिरोधक क्षमता और एकाग्रता के बारे में विस्तृत जानकारी दी और योगाभ्यास करवाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विशाल, समस्त अध्यापकगण और 225 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

गर्ल्स इंटर कॉलेज में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यशाला

वहीं, प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ और ‘आरोग्य भारत’ संकल्प को साकार करने हेतु मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. सृष्टि करनवाल ने छात्राओं और महिलाओं को महिला स्वास्थ्य व स्वच्छता पर विस्तार से संबोधित किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “नारी स्वस्थ तो परिवार सशक्त, नारी सशक्त तो राष्ट्र समर्थ” के संकल्प को धरातल पर उतारना रहा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी के संकल्प को पूरा करने के लिए मातृशक्ति का स्वस्थ होना अनिवार्य है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी हर महिला तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जागरूकता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

कार्यशाला में मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान, शक्ति केंद्र संयोजक कुलदीप जड़वान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

कचरा प्रबंधन और कंपोस्टिंग पर गोष्ठी

‘सेवा ही संगठन’ की भावना के तहत मसूरी पब्लिक स्कूल में ही कचरा प्रबंधन और कचरा कंपोस्टिंग विषय पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। नगर पालिका द्वारा चिन्हित वक्ता निशा कुमारी और लॉर्ड शिव की टीम के वक्ताओं ने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने और उससे जैविक खाद (कंपोस्ट) बनाने की तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी।

छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने मसूरी को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभासद विजय रमोला, सचिन पंवार, कुलदीप जड़वान, प्रधानाचार्य श्री विशाल सहित पर्यावरण विशेषज्ञ मौजूद रहे।

‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता

इसी क्रम में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सुशासन और ‘विकसित भारत 2047′ के संकल्प के उपलक्ष्य में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित हुई जिसमें 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और विकसित भारत के अपने सपनों को कैनवास पर उकेरा।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक श्रीमती कमल शर्मा, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, सभासद विजय रमोला, विजय बिंदवाल, सचिन पंवार सहित विद्यालय के अध्यापक मौजूद रहे। अंत में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *