इनर व्हील क्लब ने गरीब कन्या को भेंट किया शादी का सामान और शगुन

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी- इनर व्हील क्लब मसूरी ने सामाजिक सेवा के अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत जौनपुर विकासखंड के कैम्पटी क्षेत्र की एक जरूरतमंद कन्या के विवाह के लिए शादी का संपूर्ण सामान व शगुन भेंट किया।

कुलड़ी स्थित एक होटल में आयोजित सादे समारोह में क्लब की ओर से कन्या को राशन सामग्री के रूप में आटा, चावल, दाल, मसाले, तेल, चीनी, सूजी, चायपत्ती, बेसन आदि दिया गया, जिसकी कीमत 8 हजार रुपये से अधिक है। इसके साथ ही 11 जोड़ी साड़ी, 11 जोड़ी सूट, लहंगा, कंबल, संदूक, अटैची, दो रजाई, दो गद्दे, चार बेडशीट, चार तकिये के कवर, सजावट का सामान, प्रेशर कुकर, डिनर सेट सहित अन्य बर्तन और ज्वेलरी भी भेंट की गई। क्लब की ओर से कन्या को 12 हजार 100 रुपये का शगुन भी दिया गया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष किरण त्रिपाठी ने कहा कि गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग करना क्लब का ड्रीम प्रोजेक्ट है। पूरे वर्ष जब भी किसी जरूरतमंद परिवार का पत्र क्लब को प्राप्त होता है, तो परिवार की पृष्ठभूमि की जांच के बाद पूरी सहायता दी जाती है, जिसमें क्लब के सभी सदस्य सहयोग करते हैं।

पूर्व मंडलाध्यक्ष नीरजा पांधी ने कहा कि इनर व्हील क्लब मसूरी कई वर्षों से लगातार गरीब कन्याओं की शादियों में मदद करता आ रहा है। यह क्लब का सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, जिसकी सराहना पूरे मंडल में होती है।

इस मौके पर पूर्व मंडलाध्यक्ष नीरजा पांधी, अध्यक्ष किरण त्रिपाठी, सचिव अनीता बत्रा, रीना माथुर, मनीषी सिंघल, रश्मि कर्णवाल, अनीता डबराल, गीतू मनचंदा, प्रभा अग्रवाल, पल्लवी सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *