दो साल से टूटा है खेतवाला का इकलौता रास्ता, ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से लगाई गुहार
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
“ग्राम प्रधान विक्रम रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंत्री गणेश जोशी से की मुलाकात, चामासारी की सड़क और पुल निर्माण की मांग”
देहरादून/मसूरी–ग्राम पंचायत चामासारी के अंतर्गत खेतवाला गांव के ग्रामीणों ने आज ग्राम प्रधान विक्रम रावत के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके कार्यालय में भेंट कर गांव की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया।

इस दौरान ग्राम प्रधान ने मंत्री को बताया कि खेतवाला गांव को जोड़ने वाला एकमात्र पैदल/संपर्क मार्ग लगभग दो साल पहले ढह गया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी उस पर पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बार्लोगंज से चामासारी मोटर मार्ग के शेष बचे लगभग 3 किलोमीटर हिस्से के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की भी मांग उठाई। साथ ही उन्होंने इसी मार्ग पर मौसीफॉल के समीप एक मोटर पुल के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हो सके और बरसात में होने वाली दिक्कतों से निजात मिल सके।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पुल न होने से न केवल दैनिक आवागमन बाधित है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में भी ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में ग्राम प्रधान विक्रम रावत के साथ खेतवाला के लगभग दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।

