सेवा संपर्क अभियान के तहत भाजपा ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत भाजपा मंडल मसूरी द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का आयोजन कोतवाली मसूरी के कोतवाल प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत द्वारा किया गया, जिसमें हैम्पटन कोर्ट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आम जनता और विशेषकर छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यशाला में उपस्थित लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग न करने और रेड लाइट जंप न करने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और असमय होने वाली मौतों को रोका जा सकता है।
इस दौरान नशा मुक्ति के प्रति भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। अभियान के तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से जोड़ा गया है ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित कर सकें।
इस मौके पर सभासद विजय बिंदवाल, आशीष जोशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, रितिक बिजल्वाण सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कैरियर काउंसलिंग सत्र
**सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं के लिए कैरियर परामर्श संगोष्ठी आयोजित**

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाजपा मंडल मसूरी द्वारा कैरियर परामर्श संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
यह संगोष्ठी मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित की गई, जिसमें मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की 110 से अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

संगोष्ठी का मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और आधुनिक बाजार की मांग के अनुसार सही कैरियर विकल्प चुनने में मदद करना रहा। इस दौरान विशेषज्ञों और नैस्कॉम फाउंडेशन की टीम द्वारा छात्राओं को सरकारी नौकरियों, प्राइवेट सेक्टर, तकनीकी शिक्षा, डिजिटल स्किल्स और स्टार्टअप/स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कौशल विकास योजनाओं और अप्रेंटिसशिप पोर्टल्स के बारे में भी जागरूक किया गया।
भाजपा कार्यकर्ता और कार्यक्रम संयोजक श्रीमती कमल शर्मा ने छात्राओं से संवाद कर जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर दिया।
मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रभा थपलियाल, समस्त अध्यापकों और नैस्कॉम फाउंडेशन की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से भाजपा प्रदेशभर के स्कूलों, महाविद्यालयों और आईटीआई कैंपस में पहुंचकर सीधे युवाओं से संवाद कर रही है।

