स्प्रिंग रोड़ चमर खड्ड के पास खाई में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी-कोतवाली मसूरी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना दी गई कि स्प्रिंग रोड,चमर खड्ड के पास सड़क से नीचे खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
उक्त सूचना पर कोतवाली मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके पर एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ पाया गया, प्रथम दृष्टया लगभग 7 से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत थी, जिसमें मुंह एवं गर्दन का हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा खाया/नोचा हुआ पाया गया।
पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए शव को खाई से सुरक्षित निकलवाया गया तथा 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी भिजवाया गया।
शव का हुलिया:
आयु: लगभग 50 वर्ष
रंग: सांवला
बाल: सफेद
पहनावा: काली टी-शर्ट
नीला पजामा ,ग्रे रंग की जैकेट
भूरे रंग के जूते,खाकी रंग के मोजे
मौके से प्राप्त वस्तुएं:
एक खाली माल्टा का पाउच
शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए

पुलिस द्वारा किए गए प्रयास:
घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई।
आसपास के क्षेत्र में स्थानीय लोगों, दुकानदारों एवं राहगीरों से पूछताछ की गई।
क्षेत्र में कार्यरत निर्माण स्थलों, ढाबों एवं मजदूरों से संपर्क कर जानकारी एकत्र की गई।
निकटवर्ती थानों/चौकियों को अज्ञात शव की सूचना प्रेषित की गई है ।
शव की शिनाख्त हेतु विवरण सोशल मीडिया एवं पुलिस नेटवर्क के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है।
सिविल अस्पताल में शव का पंचायतनामा कार्यवाही की जा रही है। पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को 72 घंटे शिनाक्त हेतु मोर्चरी में रखा गया है
प्रथम दृष्टया मृतक मजदूर वर्ग का व्यक्ति प्रतीत होता है। आशंका है कि मृतक शराब के नशे की अवस्था में असंतुलित होकर खाई में गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात ही हो सकेगी।
पुलिस द्वारा अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति को उपरोक्त हुलिये से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त हो, तो वह कोतवाली मसूरी से संपर्क कर सकता है।

मसूरी पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *