मसूरी इंटरनेशनल स्कूल में रक्तदान शिविर और इंटरैक्ट क्लब का पदग्रहण समारोह आयोजित
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
*37 यूनिट रक्त एकत्र, शिक्षकों-कर्मचारियों ने दिया मानवता का संदेश*
मसूरी इंटरनेशनल स्कूल (MIS) में मंगलवार को इंटरैक्ट क्लब के तत्वावधान में वार्षिक रक्तदान शिविर एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों के पदग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

विद्यालय के डिस्पेंसरी परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 37 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। विद्यार्थियों के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान को स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण योगदान के रूप में सराहा गया। यह शिविर इंटरैक्ट क्लब के आदर्श वाक्य “Service Above Self – स्वयं से ऊपर सेवा” की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।

शिविर में रोटरी क्लब मसूरी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अश्विनी मित्तल ने स्वयं रक्तदान कर समाजसेवा के प्रति रोटरी की प्रतिबद्धता को दोहराया।

रक्तदान शिविर के पश्चात वर्ष 2026-27 के लिए एमआईएस इंटरैक्ट क्लब की नई कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा श्लोक एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, जिसके बाद छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

नवनियुक्त अध्यक्ष कुमारी श्रेया घमांडे और उनकी कार्यकारिणी को प्रधानाचार्या श्रीमती शालू बब्बर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष रोटेरियन अश्विनी मित्तल, सचिव रोटेरियन नूपुर करनवाल कैंतुरा, भावी अध्यक्ष रोटेरियन योगिता गोयल, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन शैलेंद्र करनवाल, रोटेरियन नीरज गर्ग एवं रोटेरियन रजत अग्रवाल मौजूद रहे।

अध्यक्ष अश्विनी मित्तल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सेवा, नेतृत्व और उत्तरदायित्व की भावना को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया। पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र करनवाल ने विद्यार्थियों को रोटरी आंदोलन की वैश्विक पहुंच और रोटरी, रोटरैक्ट एवं इंटरैक्ट क्लबों के आपसी संबंधों की जानकारी दी और समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन इंटरैक्ट अध्यक्ष श्रेया घमांडे के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

