राजकीय इंटर कॉलेज बांडा में मेधावी व खिलाड़ी छात्र-छात्राओं का किया गया सम्मान
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
बांडा,थौलधार (टिहरी गढ़वाल)
राजकीय इंटर कॉलेज बांडा, थौलधार विकासखंड में भगवती भैरो विकास समिति द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
राकेश भट्ट द्वारा बताया गया कि समारोह में जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए चयनित छात्राओं तथा मुख्यमंत्री मेधावी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में सफल हुए छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मेधावी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में इस वर्ष थौलधार विकासखंड में राजकीय इंटर कॉलेज बांडा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इस विद्यालय से सबसे अधिक आठ छात्र-छात्राओं ने इस योजना में सफलता हासिल की है। सफल होने वाले छात्रों में अंशुल भट्ट, कु. दिव्यांशी, आर्यन सिंह, कार्तिक सिंह, अर्णव सिंह, गौतम सिंह, आकाश सिंह आदि शामिल हैं।

वहीं जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी स्पर्धा के लिए सीनियर एवं जूनियर बालिका वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज बांडा की सबसे अधिक छात्राओं का चयन जनपद स्तरीय टीम में हुआ है। विकासखंड स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर चयनित छात्राओं में कु. सलोनी, साक्षी, वंदना, साधना, आयशा, शिक्षा, मोनिका, सोनम, प्रियांशी, अक्षिता, दिव्या, सोनाक्षी आदि शामिल हैं।

समारोह में समिति द्वारा सभी चयनित छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद भट्ट शास्त्री ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ने विद्यालय का नाम रोशन किया है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। समिति के महासचिव कमलनयन भट्ट ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत से आप लोग जनपद स्तर से राज्य स्तर और अंतरराज्यीय स्तर तक पहुंचकर विद्यालय का नाम रोशन कर सकते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय बधानी ने समिति के इस आयोजन को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे न केवल छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ा है, बल्कि अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।

इस मौके पर समिति के कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट,प्रधान ग्राम पंचायत बांडा नेहा भट्ट, ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत गैर गीता देवी, रामा नन्द भट्ट, पूर्व प्रधान राकेश भट्ट, विनोद भट्ट, अतर सिंह सेनवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


