मसूरी में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया कारगिल विजय दिवस एवं शहीद श्रीदेव सुमन दिवस,10 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी,25 जुलाई 2026
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी लायंस क्लब मसूरी हिल्स द्वारा जम्मू-कश्मीर अध्ययन केन्द्र के सहयोग से आर.एन. भार्गव इंटर कॉलेज के सभागार में महान क्रांतिकारी श्रीदेव सुमन जी की पुण्यतिथि एवं कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महान क्रांतिकारी श्रीदेव सुमन जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर किया गया। इसके उपरांत हरेला पखवाड़े के अंतर्गत लायंस क्लब द्वारा विद्यालय परिसर में देवदार, बांज सहित विभिन्न प्रजातियों के 10 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण एवं कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और विजयगाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं बचपन स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सैनिक वेशभूषा में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।

भाषण प्रतियोगिता में अमित कुमार प्रथम, संदीप द्वितीय, राकेश एवं राहुल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे, जबकि कु. समीक्षा ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। कला प्रतियोगिता में मयंक प्रथम, सत्यम द्वितीय और अनिल तृतीय रहे। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व कमांडेंट, आईटीबीपी श्री धर्मपाल सिंह रावत ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि कारगिल विजय भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति, अनुशासन और सेवा-भाव को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। साथ ही शहीद श्रीदेव सुमन जी के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

लायंस क्लब मसूरी हिल्स के अध्यक्ष श्री अनुज कुमार तायल ने कारगिल विजय की गाथा का वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में अदम्य शौर्य का परिचय देकर विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, भूख से राहत, आपदा सहायता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रहा है।

लायंस क्लब द्वारा अपने “भूख से राहत” कार्यक्रम के तहत विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं के लिए अतिथि भोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में फॉगिंग भी कराई गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन लायन मदन मोहन शर्मा ने किया, जबकि पर्यावरण सचिव लायन संदीप अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर लायन सचिव राजीव अग्रवाल, प्रवीण गुप्ता, जी.के. गुप्ता, रविन्द्र गोयल, ए.एस. पंवार, शिव अरोड़ा, ममता भाटिया, अनुपम हांडा, विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या रंजना पंवार, बचपन स्कूल की प्रधानाध्यापिका सपना गोयल, सद्भावना के उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रवक्ता डॉ. मयूष रावत, विमला गौड़, नरेश चन्द्र कोटनाला, सहायक अध्यापक संजीव प्रसाद जोशी, बलबीर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की समृद्धि एवं सभी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ हुआ।

