मसूरी में गुरु रविदास जयंती पर निकली कलश यात्रा, पावन माटी का हुआ पूजन व कलश स्थापना
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुमाई
मसूरी। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती (प्रकाश पर्व) के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कलश वंदन एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

इस दौरान गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन माटी से भरे कलश की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई।

मसूरी मंडल द्वारा पवित्र कलश की स्थापना श्री वाल्मीकि जी मंदिर में की गई। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कलश का वंदन किया और गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मभूमि से पवित्र मिट्टी से भरे कलश देश के विभिन्न राज्यों, जिलों, गांवों और मंडलों तक पहुंचाए जा रहे हैं। ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा स्थानीय स्तर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्राएं निकाली जा रही हैं।

ये रहे मौजूद
कलश यात्रा एवं स्थापना कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश उनियाल, मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अरुण कुमार, उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, विजय बुटोला, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, अमलेश्वर प्रसाद, रीता खुल्लर, राजेंद्र प्रधान, अनिल गोयल, नागेंद्र डिमरी, उज्जवल नेगी, मनीष कुकशाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

