पर्यटन नगरी में FoSTaC प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन,
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी –पर्यटन नगरी मसूरी में शहीद भगत सिंह चौक पिक्चर पैलेस के निकट होटल रोमियो लेन में FoSTaC खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और प्रमाणन (Food safety training and certification)प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 28 प्रतिभागियों को FSSAI के अधिकृत ट्रेनर प्रेम चन्द शर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन FSSAI के ट्रेनिंग पार्टनर एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (AMS) द्वारा कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रेम चंद शर्मा ने बताया कि प्रत्येक खाद्य कारोबारी की यह जिम्मेदारी है कि उसके द्वारा उपभोक्ताओं को परोसा जाने वाला प्रत्येक खाद्य पदार्थ स्वच्छ, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, क्योंकि मानकों के अनुपालन में कमी आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न कर सकती है।

कार्यक्रम के दौरान फूड हैंडलर्स एवं सुपरवाइजरों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित फूड हैंडलिंग, खाद्य सामग्री के उचित भंडारण, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से परोसने तथा कार्यस्थल की स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को व्यावहारिक रूप से समझा तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी अच्छी प्रथाओं को अपने कार्यस्थल पर अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उप-आयुक्त एवं राज्य नोडल अधिकारी, इट राइट इंडिया अभियान,गणेश चन्द्र कंडवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा उत्तराखंड में इट राइट इंडिया अभियान के अंतर्गत FoSTaC (Food Safety Training and Certification) प्रशिक्षण कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 83 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 3,306 खाद्य कारोबारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।

होटल रोमियो लेन के जनरल मैनेजर रोहित पाठक ने बताया कि FoSTac(food safety training and certification) विभाग द्वारा मसूरी-देहरादून के विभिन्न होटलों के कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यशाला में लगभग 28 होटल कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें होटल रोमियो लेन, ब्रेंडवुड द फर्न, होटल रमाडा और देहरादून के होटल सैफरॉन लीफ के कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस अवसर पर FoSTac के सीनियर कंसल्टेंट जगदीश चंद्र पांडे, नेशनल हेड प्रेमचंद शर्मा, होटल रोमियो लेन के जनरल मैनेजर रोहित पाठक, सुहानी नेगी, रोहित बिष्ट, सूरज, अंकित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

