मसूरी में रेंटल बाइक और नो-पार्किंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 70 से अधिक चालान, 15 गाड़ियां सीज
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी। जिलाधिकारी के निर्देश पर आज मसूरी में परिवहन विभाग, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का मुख्य फोकस अवैध रूप से संचालित हो रहे बाइक रेंटल और नो-पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों पर था।

प्रज्ञा पंत परिवहन कर अधिकारी ने बताया कि रेंटल संचालक बिना किसी जिम्मेदारी के पर्यटकों को बाइक दे रहे हैं और पूरी सड़क पर दोनों तरफ बेतरतीब तरीके से पार्किंग करवा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत हो रही है। इसको लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने कई बार शिकायत की थी।
कार्रवाई में क्या हुआ –
• लाइब्रेरी चौक से ही 15 गाड़ियां सीज कर नगर पालिका की पार्किंग में खड़ा करवाया गया। • 70 से अधिक गाड़ियों के चालान किए गए। टीम ने स्प्रिंग रोड सहित पूरे शहर में चेकिंग की। • अभियान के दौरान 2 नाबालिगों (Juvenile) द्वारा वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, उनके भी चालान कर गाड़ियां सीज की गई। अधिकारी ने कहा कि अभिभावकों को सेंसिटाइज होने की जरूरत है, वो छोटे बच्चों को ऐसे वाहन न दें और हेलमेट का प्रयोग जरूरी है।

परिवहन कर अधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन बाइक रेंटल संचालकों के कागज अधूरे हैं, जो नियत स्थान से बिजनेस नहीं कर रहे हैं, उनके लाइसेंस सस्पेंशन और निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। सुनिश्चित किया जाएगा कि वो नियमों, लाइसेंस की शर्तों का पालन करते हुए ही व्यवसाय करें, नहीं तो दोबारा व्यवसाय नहीं करने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई रेंटल संचालकों के लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई गतिमान है और कई स्कूटी को ब्लॉक किया गया है, जब तक वो चालान का संज्ञान नहीं लेंगे तब तक उनके कागज पूरे नहीं किए जाएंगे।
परिवहन कर अधिकारी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस, परिवहन विभाग और नगर पालिका मिलकर नियमित रूप से कार्रवाई करेंगे ताकि मसूरी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जा सके।
उपेंद्र राणा नायब तहसीलदार ने बताया कि शहर में जो भी लोग नियम विरुद्ध वाहन चला रहे हैं और सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन लगा रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अभी तक अभियान में लगभग 70 चालान किए जा चुके हैं और कई वाहनों को सीज भी किया गया है। सीज किए गए वाहनों को फॉर्मेलिटी पूरी करने के बाद ही छोड़ा जाएगा।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह ड्राइव लगातार जारी रहेगी। सड़कों पर अतिक्रमण कर लगाए जा रहे वाहनों से आम लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई होती रहेगी।
जसबीर कौर सभासद नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा बताया गया कि आज जिलाधिकारी के आदेश पर परिवहन कर अधिकारी और जिला प्रशासन के संयुक्त अभियान में मोतीलाल नेहरू मार्ग, लाइब्रेरी बाजार क्षेत्र, स्प्रिंग रोड में रेंटल बाइक, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट और नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कार्यवाही कि गयी हैं परन्तु कई होम स्टे,एयर बी एन बी और होटल ऐसे हैं जिनके पास पार्किंग नहीं है या उनके वाहन सड़कों पर लगें रहते हैं और रेंटल बाइक संचालकों के पास पार्किंग सुविधा ना होंने के कारण बेकाबू वाहनों के कारण आमजन रोज़ाना लग रहें ट्रैफिक जाम से प्रभावित और परेशान हैं। प्रशासन कि इस प्रकार कि कार्यवाही आगे भी जारी रहनी चाहिए।

