मसूरी में 25 सितंबर को गूंजेगा”वन्दे मातरम्” – महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर में भव्य आयोजन
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी–महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मसूरी में आगामी 25 सितम्बर 2026 को ‘नमामि भारतम् – वन्देमातरम्’ सामूहिक गान का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं देहरादून/हरिद्वार संभाग के संयोजक डॉ. मनोज रयाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
डॉ. रयाल ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का राष्ट्रव्यापी जन-सहभागिता अभियान है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि राष्ट्र केवल भौगोलिक सीमा का नाम नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति, परंपरा, त्याग, संघर्ष और करोड़ों देशवासियों की सामूहिक चेतना से निर्मित एक जीवंत भाव है।

डॉ. रयाल ने आगे बताया कि 25 सितम्बर 2026 को प्रातः 11 बजे देश के 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक कंठों से जब एक साथ “वन्दे मातरम्” गूंजेगा, तो यह केवल एक गीत का सामूहिक गायन नहीं होगा, बल्कि 150 वर्षों की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता-संघर्ष की स्मृति और भारत की सांस्कृतिक एकात्मता को नमन करने हेतु विद्या भारती का विनम्र प्रयास है।

उन्होंने मसूरी के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों एवं छात्रों से आग्रह किया है कि वे विद्यालय प्रांगण में उपस्थित होकर इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सहभागी बनें और अपनी मातृभूमि को नमन करें।
यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से 11:10 बजे तक विद्यालय प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।


