पहाड़ से गिरे विशालकाय पत्थर, मकान क्षतिग्रस्त – बाल-बाल बचा परिवार
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत थापला के कुनाल्टा तोक पर बुधवार सांयकाल 5 बजें के लगभग पहाड़ से अचानक गिरे विशालकाय पत्थरों ने महेंद्र सजवाण के मकान को भारी नुकसान पहुंचाया।

पहाड़ी से गिरे पत्थरों और मलबे की चपेट में आने से मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के बच्चे दूसरे कमरे में मौजूद थे, जिसके चलते बड़ी अनहोनी टल गई और परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। आज घटना स्थल पर राजस्व विभाग से अरविंद कुमार उप राजस्व निरीक्षक थत्यूड़ अपने अधिकारीयों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर मकान को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा हैं और नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम प्रधान संजय पडियार ने बताया कि घटना बेहद भयावह थी। उन्होंने कहा कि जिस तरह 5 बजें सांयकाल में पहाड़ से भारी-भरकम पत्थर गिरकर मकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले गया,उसे देखते हुए यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि परिवार के किसी सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा।
वहीं युवा मोर्चा महामंत्री विनोद राणा ने मौके पर पहुंचकर घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि महेंद्र सजवाण ने कुछ महीने पहले ही अपनी जमा पूंजी लगाकर परिवार के लिए यह मकान बनाया था। प्राकृतिक आपदा में मकान के क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।


