गढ़वाल सभा गौं गुठियार शाखा ने दिखाई मानवता की मिसाल,ब्रेन हेमरेज से पीड़ित हरेंद्र डबोला को 21 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी, 16 सितंबर। सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभा रही गढ़वाल सभा की गौं गुठियार शाखा, मसूरी ने एक बार फिर मानवीय संवेदना और एकजुटता का परिचय दिया है। शाखा द्वारा गंभीर बीमारी से जूझ रहे हरेंद्र डबोला को 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मसूरी निवासी हरेंद्र डबोला (पत्नी श्रीमती विनिता डबोला) पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार हैं। उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था, जिसके कारण उनके मस्तिष्क में पानी भर गया है। उनकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है।
परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि उनके पास आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते उपचार का पूरा खर्च परिवार को स्वयं वहन करना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह राशि जुटा पाना बेहद मुश्किल हो रहा था।

इस कठिन परिस्थिति की जानकारी मिलने पर गढ़वाल सभा गौं गुठियार शाखा ने तत्काल पहल करते हुए मानवीय आधार पर सहायता का निर्णय लिया। शाखा के सभी सदस्यों के सहयोग से 21,000 रुपये की सहायता राशि एकत्र कर पीड़ित परिवार को सौंपी गई, ताकि उनके इलाज में कुछ मदद हो सके।

इस अवसर पर गढ़वाल सभा गौं गुठियार शाखा की सदस्याओं ने बताया कि गढ़वाल सभा हमेशा से ही समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने इस नेक कार्य के लिए गौं गुठियार शाखा के सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी सभा इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती रहेगी।
स्थानीय लोगों ने भी गढ़वाल सभा की इस पहल की सराहना की है और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है।
इस मौके पर गढ़वाल सभा महिला अध्यक्ष सुधा झिडियाल,कल्पना गोदियाल,बीना पंवार
नमिता कुंमाई,रेखा ढौंडियाल,राजेश्वरी नेगी, शशि रावत, बीना मल्ल,भरोसी रावत
उर्मिला सकलानी,अनीता थलवाल,बीना रावत के साथ बड़ी संख्या में गढ़वाल सभा कि महिलाएं मौजूद रहीं।

