खैराड गांव के आस-पास के क्षेत्रों में एक माह से गुलदार की दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
भद्रीगाड रेंज/नैनबाग, टिहरी गढ़वाल- भद्रीगाड रेंज के अंतर्गत ग्राम खैराड, मुनोग व उसके लगे आस-पास के क्षेत्रों में पिछले एक माह से गुलदार गांव के मुख्य मार्ग व सड़क पर दिखाई दे रहा है। जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08/09/2026 को गुलदार ने मरोड के समीप मायागाड स्थान पर एक गाय के बछड़े पर हमला कर घायल कर दिया था, जिसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा था परंतु कुछ दिनों बाद उक्त बछड़े की मृत्यु हो गयी थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर भद्रीगाड रेंज के समस्त स्टाफ व स्वयं अधोहस्ताक्षरी द्वारा नियमित गश्त की जा रही है। ग्रामीणों को मानव वन्य जीव संघर्ष विषय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं। साथ ही कैमरा ट्रैप के माध्यम से गुलदार की आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है व पटाखे फोड़कर गुलदार को ग्रामीण क्षेत्रों से दूर भगाने का प्रयास किया जा रहा है।

विभाग ने बताया कि दिनांक 08/09/2026 को उच्च स्तर से गुलदार के रेस्क्यू के लिए पिंजरा लगाने की अनुमति प्राप्त होने पर दिनांक 09/09/2026 को ग्राम खैराड, मुनोग व इनके आस-पास के संवेदनशील क्षेत्रों में गुलदार की आवाजाही वाले स्थानों पर पिंजरा लगाया गया है। वर्तमान में समस्त स्टाफ द्वारा नियमित रात्रि गश्त की जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम के समय अकेले जंगल की ओर न जाएं और बच्चों को अकेला न छोड़ें।

