अब 13 जुलाई को होगा सेवा,सुशासन एवं समर्पण अभियान के अन्तर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी- आगामी 13 जुलाई को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” एवं “सेवा, सुशासन एवं समर्पण ” अभियान के अंतर्गत एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन शहीद भगत सिंह चौक के समीप श्री राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण कुलड़ी बाजार मसूरी में आयोजित होगा।
रजत अग्रवाल अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल द्वारा बताया गया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है। जनहित में इस शिविर में (राजस्व विभाग उप जिलाधिकारी तहसीलदार एवं पटवारी),समाज कल्याण विभाग,जिला आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग एवं राष्ट्रीय राज्य मार्ग/लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड निर्माण), उत्तराखंड जल संस्थान पेयजल निगम, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद मसूरी, बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, श्रम एवं रोजगार विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस एवं परिवहन विभाग, पर्यटन विभाग, पंचायती राज विभाग, खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की सक्रिय भागीदारी होगी।
रजत अग्रवाल द्वारा बताया गया की पूर्व में आयोजित शिविरों में कतिपय महत्वपूर्ण विभागों जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग (एन एच), वन विभाग, जिला आपूर्ति विभाग आदि द्वारा प्रतिभाग नहीं किया गया था। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा पत्र लिखकर जिलाधिकारी देहरादून से कहां गया है कि संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण आम जनता सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गई थी।
उन्होंने बताया कि बहुउद्देशीय शिविर की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी विभाग इस बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग कर जनसमस्याओं का निराकरण करेंगे।

