कांग्रेस पार्टी द्वारा जोरदार प्रदर्शन कर भाजपा का किया पुतला दहन
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल-आज ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड, विकासखंड जौनपुर में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, लगातार बढ़ती महंगाई, बेलगाम भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ बढ़ते अत्याचार तथा डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस के आसमान छूते दामों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को सिर्फ महंगाई, बेरोजगारी और झूठे वादे देने का काम किया है।

आज हर वर्ग परेशान है किसान महंगाई से त्रस्त है, युवा बेरोजगारी से टूट चुका है, महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और आम आदमी की रसोई तक भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने प्रभावित कर दी है।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाकर सिर्फ सत्ता बचाने की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आम जनता महंगाई और भ्रष्टाचार की मार झेलने को मजबूर है। डीजल, पेट्रोल और गैस के दाम लगातार बढ़ाकर सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार ने जनता की समस्याओं पर गंभीरता से काम नहीं किया तो आने वाले समय में आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। जनता अब भाजपा सरकार की नाकामियों को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी।
इस कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम प्रकाश चमोली जी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नैनबाग अध्यक्ष दीपचंद सजवाण जी, विजय गुसाईं जी, भरत सिंह चौहान जी, गुरदयाल सिंह रांगड , डी.डी. भारती जी, अमित बड़ियाडी (ब्लॉक अध्यक्ष युवा कांग्रेस), दिनेश रावत (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष), चैन सिंह बिष्ट (सोशल मीडिया अध्यक्ष धनोल्टी विधानसभा), अनिल बधानी, युद्धवीर सिंह, मोहब्बत रौंछेला, अनिल कोहली, सुनील जौनपुरी, लक्ष्मण कुमार, सचिन रावत, राकेश रावत, आयुष चमोली, अभिषेक बड़ियाडी, अंकित कुमार, मस्तु दास, आशीष रांगड़, देवेंद्र पंवार, हरफूल विश्वकर्मा, सुमन भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

