मसूरी में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी- अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पर्यटन एवं आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आज मसूरी टाउन हॉल में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग, देहरादून, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र, रायवाला तथा SPYM (सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेज) के संयुक्त सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को नशा मुक्त एवं सुरक्षित पर्यटन के प्रति जागरूक करना तथा प्रशासन एवं पर्यटन उद्योग के बीच समन्वय को मजबूत करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कुमार ने पर्यटन क्षेत्र में नशे की रोकथाम, सुरक्षित आतिथ्य सेवाओं की आवश्यकता, एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत कानूनी दायित्वों तथा नशे से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों की पहचान एवं उचित कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही उत्तराखंड को सुरक्षित एवं नशामुक्त पर्यटन राज्य के रूप में विकसित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा अपने-अपने संस्थानों में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
यह कार्यक्रम पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र की सक्रिय सहभागिता के साथ अत्यंत सफल रहा तथा प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में मसूरी नगर पालिका सभासदगणों,भारतीय जनता पार्टी और व्यापार संघ मसूरी के अध्यक्ष,रजत अग्रवाल, रैडिसन होटल,एलबी होटल सहित मसूरी के अनेक प्रतिष्ठित होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस एवं पर्यटन प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों,होटल संचालकों, प्रबंधकों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया।

