मसूरी में दर्दनाक सड़क हादसा,बाइक फिसलने से 32 वर्षीय युवक की मौत
रिपोर्ट: उत्तराखंड समाचार 365 / धनवीर कुंमाई, मसूरी
मसूरी, 02 अगस्त 2026
मसूरी-देहरादून मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

कोतवाली मसूरी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 02 अगस्त 2026 को सिटी कंट्रोल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हाथीपांव से लगभग 3 किलोमीटर आगे झरने के पास, कीमाड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई है।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल मसूरी भिजवाया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अनूप बंगवाल पुत्र धर्मानंद बंगवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी कृष्णा विहार, थानो रोड, रायपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

पुलिस ने शव को पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु उप जिला चिकित्सालय सिविल अस्पताल मसूरी की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

