मसूरी में मेहंदी प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन, 46 महिलाओं ने दिखाया हुनर

0

उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई

मसूरी, 3 अगस्त 2026
स्थानीय महिलाओं एवं युवतियों की कला और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन लग्जरी इन बाय स्टोट्राक, मसूरी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन हीना सनशाइन ब्यूटी पार्लर, स्टोट्राक होटल्स तथा रोटरी क्लब ऑफ मसूरी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुल 46 प्रतिभागियों ने अपनी सुंदर एवं आकर्षक मेहंदी कलाकृतियों से सभी का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।



प्रतियोगिता में पायल रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, वहीं निहारिका ने द्वितीय और सिमरन ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को स्मृति-चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।



प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए चार सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था। निर्णायक मंडल में श्रीमती किरण त्रिपाठी (अध्यक्षा, इनर व्हील क्लब), प्रसिद्ध चित्रकार एवं स्केच आर्टिस्ट सुरभि रावत, तथा मसूरी के प्रसिद्ध मेहंदी कलाकार रोहित राठौर और मनोज कुमार शामिल रहे। निर्णायकों ने कलात्मकता, रचनात्मकता और डिजाइन की बारीकियों के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ मसूरी की अध्यक्षा अश्विनी मित्तल के साथ रणबीर सिंह, विनय संगल, मनमोहन करनवाल, शैलेंद्र करनवाल, नूपुर करनवाल, शिवम अग्रवाल, रोटेरियन दीपक अग्रवाल तथा डायरेक्टर वोकेशनल सर्विस एवं डायरेक्टर कम्युनिटी सर्विस रजत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

स्टोट्राक होटल्स की ओर से सुरेश गोयल एवं मनीष गोयल, जबकि हीना सनशाइन ब्यूटी पार्लर की संचालिका हीना परवीन ने कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, रचनात्मकता और सामुदायिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण रहा, जिसकी सभी ने सराहना की।

About The Author

+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *