मसूरी में TVC की बैठक संपन्न, 3 नए वेंडर जोन चिन्हित, 8 नए आवेदनों को मिली मंजूरी
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी, 29 जुलाई 2026
नगर पालिका परिषद, मसूरी के टाउन हॉल में आज टाउन वेंडिंग समिति (TVC) की बैठक अधिशासी अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्ट्रीट वेंडरों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्राप्त नए स्ट्रीट वेंडिंग आवेदनों की समीक्षा की गई और पात्र आवेदकों को सत्यापित विक्रेता सूची (Verified Vendor List) में शामिल करने पर विचार किया गया। इसके साथ ही नगर विक्रय समिति में स्ट्रीट वेंडर प्रतिनिधियों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की प्रक्रिया, मतदाता सूची, पंजीकरण प्रक्रिया और चुनाव की समय-सारिणी को अंतिम रूप दिया गया।

तीन नए वेंडिंग जोन चिन्हित
समिति ने शहर में वेंडिंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन नए वेंडर जोन चिन्हित किए हैं:-
1. झील क्षेत्र 2. किताब घर बस अड्डे के ऊपर 3. कैमल बैक रोड
वेंडरों की संख्या 130 हुई
प्रेस नोट के अनुसार पूर्व में सत्यापित 115 वेंडरों की सूची में 8 नए आवेदनों को सम्मिलित किया गया है, जिससे कुल सत्यापित वेंडरों की संख्या 130 हो गई है।

बैठक में TVC सदस्यता हेतु निर्धारित पात्रता शर्तों पर भी सहमति बनी और नामांकन एवं निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया।

चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार है:-
• नामांकन पत्र वितरण – 30 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक • नामांकन जमा करने की तिथि – 2 एवं 3 अगस्त, 2026 • जांच (स्क्रूटनी) एवं अंतिम सूची जारी करने की तिथि – 04 अगस्त, 2026 • मतदान – 05 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे एवं सायं 5:00 बजे मतगणना एवं परिणाम की घोषणा
TVC समिति सदस्यता के लिए 5 शर्तें अनिवार्य :-
1. आवेदक TVC द्वारा लाइसेंस धारक होना चाहिए। 2. आवेदक के खिलाफ किसी थाना या न्यायालय में कोई वाद दर्ज न हो। 3. आवेदक द्वारा पालिका या सरकारी भूमि पर अतिक्रमण (कब्जा) न किया गया हो। 4. आवेदक पर पालिका का कोई टैक्स (कर) बकाया न हो। 5. आवेदक द्वारा स्वयं प्रमाणित (Self attested) पत्र देना अनिवार्य होगा।

नगर पालिका परिषद, मसूरी ने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडरों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया में भाग लेने एवं सहयोग करने की अपील की है।

