सीजेएम हैम्पटन कोर्ट स्कूल में वार्षिक ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
मसूरी, 26 सितंबर 2026: कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, हैम्पटन कोर्ट स्कूल, मसूरी में वार्षिक ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिता 2026 का आयोजन बड़े उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त महानिरीक्षक, सीमा सुरक्षा बल (BSF) श्री मनोरंजन त्रिपाठी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्कूल की सुपीरियर एवं प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी, समन्वयक सुश्री रेखा एवं सुश्री नंदिनी, एल्युमनी प्रेसिडेंट श्री शैलेन्द्र कर्णवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ चारों हाउस के विद्यार्थियों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुआ। इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया।
एलकेजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक दौड़ों, ट्रैक इवेंट्स, रिले रेस और विशेष कराटे प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘रन फॉर यूनिटी’ रहा, जिसने एकता, टीम भावना और सहयोग का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री मनोरंजन त्रिपाठी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, दृढ़ता और खेल भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में एक यादगार अवसर रहा।

