लंढौर बाजार को ट्रैफिक जाम से निजात को लेकर बड़ी बैठक
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी – नगर पालिका परिषद कार्यालय में आज पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में लंढौर के स्थानीय व्यापारियों एवं पुलिस प्रशासन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लंढौर बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा रोजाना लगने वाले जाम से आमजन व पर्यटकों को निजात दिलाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
लंढौर के व्यापारियों द्वारा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख स्थलों पर वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का अनुरोध किया गया। इस पर त्वरित निर्णय लेते हुए अध्यक्ष ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि स्कूली समय के दौरान लंढौर बाजार घंटाघर में अनिवार्य रूप से वन-वे व्यवस्था लागू की जाए।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
1. अतिक्रमण पर कड़ा रुख: मार्ग में बाधा बन रहे वाहनों एवं अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाते हुए कर अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि वह बाजार में मुनादी करवाकर व्यापारियों से दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर करवाएं तथा वाहनों को बूचड़खाना पार्किंग में ही पार्क कराने की व्यवस्था बनाएं।
2. पुलिस का विशेष अभियान: प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि व्यापारियों के प्रतिनिधियों के सहयोग से पुलिस कल से सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाएगी।

3. साइन बोर्ड और डिजिटल अपडेट: नगर पालिका द्वारा यातायात मार्गदर्शन हेतु जेपी बैंड, घंटाघर, साउथ रोड, सिविल रोड एवं अनुपम चौक पर स्पष्ट साइन बोर्ड स्थापित किए जाएंगे। डिजिटल स्तर पर यातायात सुगम बनाने के लिए क्षेत्राधिकार मसूरी को पत्र प्रेषित किया जाएगा ताकि Google Map पर भी मसूरी में प्रचलित वन-वे रूट को अपडेट प्रदर्शित कराया जा सके।
बैठक में बाजार का प्रतिनिधित्व उपेन्द्र पंवार, मनोज अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, अखिलेश रावत, आयुष बंसल एवं आनंद रस्तोगी द्वारा किया गया।

