मसूरी में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कचहरी परिसर में बोल्डर गिरने से मकान क्षतिग्रस्त
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी, देहरादून | 07 अगस्त 2026
मसूरी में विगत दिनों हुई अत्यधिक वर्षा के बाद कचहरी परिसर स्थित भवनों और स्टाफ क्वार्टर में पहाड़ी से बोल्डर गिरने की घटना सामने आई है। बोल्डर गिरने से परिसर के कुछ भवन क्षतिग्रस्त हो गए थे।

घटना की सूचना पर जिला प्रशासन, एसडीएम मसूरी और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण और जांच की गई।

जांच में पाया गया कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में श्री कमल भंडारी द्वारा अवैध रूप से खनन / निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसके कारण बोल्डर नीचे कचहरी परिसर की ओर खिसके और यह हादसा हुआ।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आपदा और जन-सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम मसूरी के आदेश पर आज दिनांक 07/08/2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 153 के तहत जनहित में कार्रवाई करते हुए प्रश्नगत अवैध निर्माण/खनन स्थल को सील कर दिया गया है।
यह कार्रवाई नगर पालिका मसूरी, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा थाना मसूरी के पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपदा के दृष्टिगत इस प्रकार के अवैध खनन और निर्माण कार्यों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


