मसूरी में 41 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी, 08 अगस्त 2026
मसूरी के कंपनी गार्डन क्षेत्र में एक 41 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नवांग त्सेरिंग पुत्र लोबसांग, निवासी कंपनी गार्डन, मसूरी के रूप में हुई है।

कोतवाली मसूरी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 08.08.2026 को भारत सिंह रावत पुत्र श्री शेर सिंह रावत ने फोन कॉल के माध्यम से सूचना दी कि उनके साले नवांग त्सेरिंग ने अपने किराए के मकान के बाहर फांसी लगा ली है।
सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी एवं चीता मोबाइल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर एक व्यक्ति चबूतरे पर लगे सरिये से लटका हुआ मिला। परिजनों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल हॉस्पिटल मसूरी भिजवाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक श्री जगपाल गुसाईं के मकान में किराए पर रहता था और लगभग 3 वर्ष पूर्व सेना से सेवानिवृत्त होकर आया था। मृतक के भाई तेनजिंग रेबियल और जीजा भारत सिंह रावत ने बताया कि मृतक नशे का आदी था और इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट को जांच के लिए बुलाया। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। शव को सिविल हॉस्पिटल मसूरी में रखकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

