लायंस क्लब मसूरी हिल्स ने मनाया शिक्षक सम्मान समारोह, 12 शिक्षक सम्मानित
उत्तराखंड समाचार 365/धनवीर कुंमाई
मसूरी। शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब मसूरी हिल्स द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महान शिक्षाविद् भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा करते हुए उन्हें नमन किया गया।

समारोह में विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान शिक्षा की दशा एवं दिशा पर सार्थक चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को संस्कारित करने और उनकी भावनाओं के अनुरूप खुद को ढालते हुए उन्हें दिग्भ्रमित होने से बचाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों के 12 शिक्षकों को मंडलाध्यक्ष के प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वुडस्टॉक स्कूल के शिक्षक अजय मार्क रहे। उन्होंने क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की सराहना की और सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समाज में अपनी प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना होगा।

इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय किताबघर की छात्रा सारा को भी प्रोत्साहित किया गया और उसे उपहार, लायन मैडल एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
इस मौके पर उपस्थित लोगों में क्लब अध्यक्ष लायन अनुज तायल, सचिव लायन राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लायन मदन मोहन शर्मा, लायन आर.एन. माथुर, लायन प्रवीण गुप्ता, लायन जी.के. गुप्ता, लायन ए.एस. पंवार, लायन राकेश अग्रवाल, लायन वीरेंद्र राणा, लायन मधुलिका माथुर, लायन ममता भाटिया, लायन अनु हांडा एवं लायन लेडी माधुरी शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

